Latest Update
Getting your Trinity Audio player ready...

रुड़की।हत्या की साजिश रचने के आरोप में फरार चल रहे भाजपा नेता अमित सैनी ने आज पुलिस कार्रवाई से डरते हुए चौकी पहुंचकर सरेंडर कर दिया। ज्ञात रहे कि पुलिस ने विगत 11 नवंबर को अमित सैनी के घर कुर्की का नोटिस चस्पा किया था, जिसमें उसे 14 नवंबर तक पेश होने का अल्टीमेटम दिया गया था।कलियर थाना क्षेत्र के धनोरी निवासी राजेश सैनी पुत्र मीर सिंह पर 24 जनवरी 2021 को कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया था। मामले में पीड़ित के परिजनों की ओर से तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, तो घटना में शक्ति, सचिन, अंकित और संजय को गिरफ्तार कर लिया गया था। वही मामले में भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित सैनी का नाम मुख्य षड्यंत्रकारी के रूप में सामने आया था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और 10 जनवरी 2022 को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कुछ दिनों बाद अमित सैनी जमानत पर रिहा होकर बाहर आ गया। जमानत मिलने के बाद न्यायालय में जमानत तुड़वाने के लिए पीड़ित परिजनों की ओर से न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया था। तब मालूम हुआ कि अमित सैनी द्वारा तथ्यहीन जमानत याचिका डाली गई थी। इसके बाद न्यायालय द्वारा जमानत निरस्त करते हुए पुनः गिरफ्तारी के आदेश जारी किए थे। पुलिस अमित सैनी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। 14 जुलाई को न्यायालय ने अमित सैनी के गैर जमानती वारंट जारी किए, इसके बाद फिर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन वह फरार होता रहा। वही न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय रुड़की द्वारा 2 नवंबर को थाना कलियर को अमित सैनी पुत्र सुभाष चंद्र निवासी धनोरी की चल संपत्ति की कुर्की के आदेश दिए गए, जिसे पुलिस ने 11 नवंबर को अमित सैनी के आवास पर चस्पा कर दिया और 14 नवंबर तक कोर्ट में पेश होने का अल्टीमेटम दिया। आज उक्त भाजपा नेता अमित सैनी ने धनोरी चौकी पहुंचकर अपने को सरेंडर कर दिया। जहां पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया और वहां से उसे जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी अमित सैनी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।

समर्थ भारत न्यूज़
समर्थ भारत न्यूज
error: Content is protected !!